मौसम ने ली करवट, भोपाल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और कोहरा, शीतलहर की संभावना

 मध्य प्रदेश में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अरब सागर से आने वाली नमी के कारण प्रदेश में मौसम सुहाना हो गया है इसके साथ ही बारिश होने की वजह से ठंड भी बढ़ गई है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश के करीब 10 जिलों समेत कुछ जगहों पर हल्की बारिश और कोहरा रहने की आशंका है। इसके न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। आज सुबह से भी भोपाल समेत कई जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी है।

बारिश और कोहरे का अलर्ट
प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हल्की बारिश के कारण दिन में भी कोहरा होगा। दिन के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में होशंगाबाद, जबलपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, दक्षिणी सीहोर, भोपाल और इसके आसपास के इलाकों में, दक्षिणी विदिशा, सिवनी, डिंडोरी, बालाघाट और मंडला में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, पचमढ़ी समेत कई जगहों पर कोहरा छाया रह सकता है। यह स्थिति अगले 24 घंटे तक बनी रहेगी।