भोपाल. लॉकडाउन का दूसरा चरण खत्म होने में महज 4 दिन बचे हैं। प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2619 पर पहुंच गया है। इंदौर में 1485, भोपाल में 511 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। 133 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें इंदौर में 68 और भोपाल में 14 लोगों की जान गई है। मंत्रालय में कामकाज शुरू हो गया है। एम्स में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवा का कोरोना संक्रमित मरीजों पर ट्रायल शुरू हो गया है। तीन मरीजों को दवा का पहला डोज दिया गया है। इधर, बुधवार को केंद्र सरकार ने पाबंदियों में बड़ी ढील का ऐलान किया। 36 दिन से देशभर में फंसे मजदूरों, छात्रों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य लोगों को घर लौटने की छूट मिल गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 4 मई से लॉकडाउन में बड़ी राहत देने की घोषणा की है।
राज्य सरकार ने लॉकडाउन से बाहर आने की योजना बनानी शुरू कर दी है। इंदौर, उज्जैन में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है, जबकि भोपाल, धार, खरगोन और होशंगाबाद के कंटेनमेंट क्षेत्र को छोड़कर बाकी जगह कामकाज में ढील दी जाएगी। ग्रीन जोन के 25 जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी इलाकों में भी गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। यहां ऑफिस और फैक्ट्रियों में मेनपॉवर 33 से बढ़ाकर 50 फीसदी किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समक्ष अधिकारियों ने इसके बिंदु बताए। इस दौरान तय हुआ कि केंद्रीय गृह मंत्रालय लॉकडाउन खोलने की जो गाइडलाइन जारी करेगा, उसी आधार पर मध्य प्रदेश प्लान बनाएगा। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग्स, धार्मिक स्थल, मैरिज हॉल, सिनेमा, शॉपिंग मॉल, बस अड्डे, शराब दुकानें, बड़े बाजार आदि खोलने पर 3 मई के बाद ही फैसला होगा।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या 2560
अलग-अलग जिलों के कलेक्टर द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 2619 हो चुकी है। 24 घंटे में 100 नए केस मिले। 10 की जान गई। अब तक 514 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक कुल 133 लोगों की जान गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 29 अप्रैल को शाम 6 बजे जारी बुलेटिन में अभी ये संख्या 2560 ही है।