त्रिपाठी और कौल नहीं पहुंचे तो भाजपा की बढ़ी धड़कनें
Mar 4, 2020 0
भोपाल। प्रदेश भाजपा राज्यसभा चुनाव और बजट सत्र से पहले अलर्ट मोड पर है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में दूसरे दिन मंगलवार को रीवा, शहडोल और सागर संभाग के विधायकों की बैठक हुई। इसमें विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कौल नहीं पहुंचे। बाद में पार्टी ने सफाई दी कि पूर्व में ही दोनों न आने की सूचना दी थी। दोनों ही विधायक हमारे साथ हैं। गौरतलब है कि सोमवार को कौल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने पार्टी संगठन में एससी, एसटी के लोगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए पार्टी पर निशाना साधा था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने यह बैठक ली। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मौजूद रहे। विधानसभा में सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया और पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह मुंबई में होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। सुबह सोशल मीडिया पर यह खबर चली थी कि भूपेंद्र सिंह बसपा से निष्कासित विधायक रामबाई को लेकर दिल्ली गए हैं। कुछ घंटे बाद में यह खबर अफवाह साबित हुई। इधर, शहडोल संभाग के विधायकों की बैठक में सुर्खियों में रहे दोनों विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कौल का न आना भी चर्चा का विषय रहा।
राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ी मुश्किलें
भाजपा भले ही दो विधायकों की अनुपस्थिति पर खुलकर नहीं बोल रही है लेकिन अंदरखाने में इसे लेकर खलबली है। क्योंकि कुछ दिन बाद ही राज्यसभा का चुनाव होने वाला है। ऐसे में एक-एक वोट का काफी महत्व होता है। अगर ये दोनों विधायक वोटिंग के दौरान फिर से पाला बदलते हैं तो भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।