भोपाल / कांग्रेस ने सिंधिया को दिखाए काले झंडे, भाजपा ने काफिले पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया, समर्थकों ने थाने का घेराव किया

भोपाल। भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमला पार्क के पास शुक्रवार रात कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। भाजपा का आरोप है कि राजाभोज की प्रतिमा के पास से गुजरते समय उनकी गाड़ी पर पत्थर भी फेंके गए। कई कार्यकर्ता गाड़ी पर चढ़ने लगे। वीडियो के आधार पर धारा 307 के तहत नामजद एफआईआर करने की मांग को लेकर भाजपा ने श्यामला हिल्स थाने का घेराव किया। रात 12 बजे बाद भी कार्यकर्ता जमे हुए थे। पुलिस ने 30-35 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर रास्ता रोकने और प्रदर्शन करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस पथराव और गाड़ी पर चढ़ने जैसी घटना से इनकार कर रही है।