खजुराहो। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. वीडी शर्मा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पहला अवसर है जब बुंदेलखंड के किसी सांसद को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। शनिवार को सुबह करीब 11 बजे पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हुई। तब वे खजुराहो सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बैठक कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होते ही वे समर्थकों के साथ सर्किट हाउस से निकले और सीधे मतंगेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा मतंगेश्वर के दर्शन कर जलाभिषेक, पूजन किया। इससे पहले उनके समर्थकों ने जमकर नियमों की धज्जिया उड़ाईं और साइलेंट जोन में जमकर आतिशबाजी की।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीडी शर्मा मूलत: मुरैना जिले के निवासी हैं। भाजपा में उन्हें पार्टी के कद्दावर ब्राम्हण नेता के रूप में पहचाना जाता है। पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि उनके जैसे छोटे से कार्यकर्ता पर भरोसा कर पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारी सौंपी है, यह काफी सुखद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन मंत्री सुहास भगत, राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम लेते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के भरोसे पर खरा उतरेंगे।
छतरपुर जिले की खजुराहो पहुंचे भाजपा से खजुराहो सांसद बीडी शर्मा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विश्व प्रसिद्ध मतंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे जहां उन्होंने वर्ल्ड हेरिटेज नियमों का सरेआम और खुला उल्लंघन किया। बता दें कि खजुराहो पश्चिमी मंदिर समूह मंदिरों के सामने मेन गेट साइलेंट जोन और पुलिस थाना/चौकी के सामने जहां पर कि मोबाईल की तेज रिंगटोन, किसी भी तरह से तेज़ आवाज में बात करना, हॉर्न बजाना मना है, और वाहनों तक का प्रवेश बंद है। वहां मंदिरों के प्रवेश द्वार पर ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ सरेआम ढोल-नगाड़ों के साथ भारी आतिशबाज़ी की गई।